सेब सीजन में परवाणू ट्रक यूनियन ने भाड़ा कम करने का निर्णय लेकर बागवानों से लेकर उद्यमियों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार को संयुक्त माल भाड़ा निर्धारण समिति की बैठक में आठ फीसदी भाड़े की दरें कम करने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला 24 अगस्त से लागू होगा। डीजल की कीमत कम होने के चलते भाड़ा कम किया गया है।
पांच जून को डीजल की कीमतें बढ़ने के बाद यूनियन ने चार फीसदी किराया बढ़ाया था। अब पिछले तीन माह में सात रुपये डीजल का रेट कम होने के चलते माल भाड़े की कमी की गई है। बैठक परवाणू ट्रक यूनियन के अध्यक्ष हरदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में ट्रक यूनियन की तरफ से नरेश गुप्ता, लखविंद्र सिंह, बलवीर सिंह, सुखविंद्र सिंह मौजूद रहे। वहीं ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन की तरफ से एमआर ग्रोवर, सुभाष चंद, तजिंद्र तुली, राजीव जैन, हरिंद्र गुप्ता व परवाणू औद्योगिक संघ की तरफ से अनिल बस्सी व सुधीर कुमार मौजूद रहे।