विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग से अब निर्धारित वजन वाले वाहन ही गुजरेंगे। मनाली-रोहतांग सड़क पर निर्धारित वजन से अधिक भार वाले वाहन चल रहे हैं। सरकार ने ट्रकों का 9 टन भार पास किया है, जबकि इस सड़क से 10 टन और इससे अधिक भार वाले ट्रकों तथा ट्रालों की आवाजाही हो रही है। ऐसे में वाहनों से निकलने वाले धुएं से बर्फ काली हो रही है।
पर्यटन स्थल भी प्रदूषित हो रहा है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों के बाद परिवहन विभाग ने मनाली में (वे इन मोशन) इलेक्ट्रॉनिक मशीन लगाने का फैसला लिया है। परिवहन विभाग ने यह मशीन लगाने के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। 28 अगस्त को इसकी बिड खोली जाएगी। इसके बाद कंपनी को मनाली में मशीन स्थापित करने के आदेश दिए जाएंगे।