बारालाचा दर्रा में बर्फ में फंसे ट्रक चालक ने मौत को मात देकर अपनी हिम्मत से रूबरू करवाया है। माइनस 12 डिग्री तापमान में तीन दिन तक प्रकृति के क्रूर पंजों में फंसा मंडी का राजेंद्र सकुशल लौट आया है।
राजेंद्र बर्फ में करीब 25 किलोमीटर पैदल चला और वह ततसेऊ पहुंचा। यहां उसने स्नो एंड एवालांच स्टडी सेंटर में शरण ली। वहां से वायरलैस के जरिये राजेंद्र की सूचना सासे के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में दी। अब बुधवार को उसे रेस्क्यू किया जाएगा।
बारालाचा से राजेंद्र के साथ अन्य साथी वक्त रहते निकल आए और उस समय उन्होंने भी नहीं सोचा था कि राजेंद्र बच भी पाएगा। लद्दाख में सामान छोड़ कर राजेंद्र ट्रक लेकर मंडी आ रहा था। इसी बीच बर्फबारी के कारण वह बारालाचा दर्रा में फंस गया।