पिंजौर-बद्दी नेशनल हाईवे पर कीरतपुर के पास टैक्सी और ट्रक में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बद्दी स्थित टोरंट फार्मा कंपनी के एचआर प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों की मौत हो गई है। हादसा सुबह सात बजे हुआ।
कंपनी के कर्मचारी टैक्सी से ड्यूटी पर आ रहे थे। एक ने मौके पर, जबकि तीन लोगों ने पंचकूला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। घटना के बाद से दोनों वाहन चालक फरार हैं। पिंजौर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतकों में केरल निवासी एचआर प्रबंधक अघोष गोपालन, बाबू पिलाई, हिमाचल के मंडी निवासी संजय कुमार और मोहाली निवासी विपिन चौहान शामिल हैं। एचआर प्रबंधक समेत कंपनी के चार कर्मचारी टैक्सी से बद्दी कार्यालय आ रहे थे।
कीरतपुर के पास टैक्सी और ट्रक (एचपी 64-3785) की टक्कर हो गई। तेज रफ्तार ट्रक कार को रौंदता हुआ दूसरी ओर दुकानों की तरफ ले गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
एचआर प्रबंधक अघोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को पिंजौर पुलिस ने पंचकूला के सेक्टर छह अस्पताल में भर्ती कराया। यहां तीनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पिंजौर के थाना प्रभारी ने बताया कार और ट्रक चालक फरार हैं। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।