कांगड़ा जिला में पुलिस चौकी रक्कड़ के तहत सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस से इमली जानकारी के अनुसार सुनील कुमार निवासी गगरेट (जिला ऊना) एनएच 70 पर नादौन की और जा रहा था। चामुखा और कौलापुर के बीच ट्रक अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गया।
आसपास के लोग किसी वाहन के टकराने की आवाज सुनकर सड़क पर पहुंचे और देखा कि एक ट्रक पहाड़ी से टकरा गया है। लोगों ने किसी तरह ट्रक चालक को बाहर निकाला और 108 नंबर एंबुलेंस से सीएचसी नाहौन पहुंचाया।
वहां पर चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रात धुंध अधिक होने के कारण चालक सड़क के मोड़ को देख नहीं पाया और सीधा पहाड़ी से टकरा गया।
डीएसपी देहरा रेणु शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।