रविवार सुबह 8:00 बजे सड़क पर गिरे चीड़ के दो पेड़, करीब आधा घंटा ठप रहा यातायात
विकासनगर में पुलिस चौकी के पास धंस रही सड़क, गिर रहे पत्थर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में हल्की बारिश के बीच नुकसान का सिलसिला जारी है। शिमला-मंडी हाईवे पर घणाहट्टी के पास रविवार सुबह चीड़ के दो हरे पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे सुबह करीब 8:00 बजे से आधे घंटे तक यातायात ठप रहा। इससे मौके पर लंबा जाम लग गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ कटवाकर सड़क बहाल की गई। शहर के विकासनगर में भी पुलिस चौकी के समीप सड़क फिर धंस गई है। इससे मलबा और पत्थर साथ लगते कमल निवास के परिसर में पहुंच रहे हैं। मकान मालिक का कहना है कि नगर निगम ने अभी तक मौके पर काम शुरू नहीं किया है।
नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने बीते हफ्ते मौके का दौरा कर यहां तुरंत डंगा लगाने के निर्देश दिए थे। फिलहाल काम शुरू नहीं हुआ है। इस जगह को तिरपाल से ढक तो दिया है लेकिन लगातार हो रही बारिश और वाहनों की आवाजाही के चलते सड़क का एक हिस्सा धंस रहा है। संजौली -जाखू सड़क पर भी फाइव बैंच के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरकर सड़क पर आ रहे हैं। सर्कुलर रोड पर भी नवबहार के पास सड़क पर मलबा गिरा है। लोअर ढली में भारी बारिश के कारण सड़क पर रखी बजरी और रेत नालियों में भर गई। इससे पानी की निकासी ठप हो गई है। पार्षद गोपाल शर्मा ने कहा कि सड़क और नालियों में भरी निर्माण सामग्री को तुरंत साफ करने के निर्देश दिए गए हैं।