पेड़ गिरने से बिजली तार टूटे, शाम 6 बजे बहाल हुई बिजली आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रविवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण करीब 11 बजे बालुगंज के पास एडवांस स्टडी रोड पर एक सूखा पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने के कारण सड़क पर दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली लाइन को भी नुकसान पहुंचा, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली बोर्ड को स्थिति से निपटने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग नौ घंटे की कड़ी मेहनत के बाद शाम 6 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। वन विभाग मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाने और यातायात को सुचारु करने में जुट गया। पेड़ को हटाने में दोपहर 2 बजे तक का समय लग गया। पेड़ के गिरने से निजी भवन की दीवार भी टूट गई। पार्षद दिलीप थापा ने बताया कि सड़क से दो घंटों में पेड़ को हटवाया गया।