20 नए बिस्तरों की भी मिलेगी सुविधा, रैन बसेरा में नहीं रहना पड़ेगा
हिमकेयर व आयुष्मान काउंटरों की भी यहीं पर मिलेगी सुविधा
पीठ पर उठाकर मरीज को ओपीडी में पहुंचाने से भी मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। कैंसर रोगियों के लिए अब ओपीडी में पहुंचना आसान होगा। वहीं जो तीमारदारों मरीजों को पीठ पर उठाकर ओपीडी लाते थे, उन तीमारदारों की समस्या भी खत्म हो गई है। अस्पताल का नए ब्लॉक बनने से कैंसर रोगियों को आने वाले दिनों में काफी लाभ मिलने वाला है।
आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल के मरीजों की सुविधा के लिए नया ब्लॉक तैयार किया गया है। अस्पताल में पांच मंजिला नया ब्लॉक बना है। इस ब्लॉक में ओपीडी के अलावा मरीजों के लिए वार्ड की भी व्यवस्था उपलब्ध है। इस ब्लॉक को तैयार करने में 15 करोड़ रुपये खर्चा आया है। अस्पताल के इस नए ब्लॉक की खास बात यह है कि जहां पर ओपीडी बनी है वह आईजीएमसी और सर्कुलर रोड से आने वाली सड़क से जुड़ी है। मरीजों की पर्चियां बनाने की सुविधा भी यहीं पर है। वहीं वेटिंग एरिया भी काफी बड़ा है। इसके अलावा ब्लॉक में कैंसर रोगियों के लिए वार्ड भी बना है जिसमें 20 बिस्तरों की व्यवस्था की गई हैं। इसके अलावा हिमकेयर व आयुष्मान काउंटरों की भी यहीं पर सुविधा मिलेगी। ऐसे में इलाज के लिए आने वाले कैंसर रोगियों को काफी लाभ होगा।
इनसेट
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे उद्घाटन
बताया जा रहा है कि नया ब्लॉक बनकर पूरी तरह तैयार है। ऐसे में अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से लोकार्पण करवाने की तैयारी चल रही है। कैंसर अस्पताल में फेफड़े, बच्चेदानी के कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर के अलावा विभिन्न प्रकार के खून के कैंसर का इलाज करवाने के लिए हजारों मरीज आते हैं। हालांकि कई बार जब मरीज को बिस्तरों की व्यवस्था नहीं मिलती है, तो कई मरीजों को रैन बसेरा में रहना पड़ता है। इन मरीजों को लाभ मिलेगा।
क्या कहते है अधिकारी
बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी
नया ब्लॉक मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। हवा की आवाजाही के लिए उचित वेंटिलेशन की सुविधा हैं। मरीजों के लिए 20 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा ब्लॉक में सिटी सिम्युलेटर मशीन भी स्थापित की गई है जिसकी सुविधा कुछ दिनों में मिलनी शुरू हो जाएगी।
- डॉ. मनीष गुप्ता, विभागाध्यक्ष, रेडियोथैरेपी