प्रदेश सरकार में कबीना मंत्री एवं उत्तराखंड राज्य के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी जीएस बाली ने कहा कि उत्तराखंड के चुनावी नतीजे हिमाचल में पार्टी के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। बाली ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि हरीश रावत जैसे ग्रास रूट के नेता हार रहे हैं। ऐसे में हमें अब सोचना पड़ेगा कि जनता किस तरह की राजनीति चाह रही है।
हर राज्य की परिस्थितियां भिन्न हैं। यदि उत्तराखंड में पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है तो पंजाब में कांग्रेस को बड़ा मेंडिड भी मिला है। कांग्रेस पार्टी का लगभग सौ साल का अपना एक इतिहास रहा है। कांग्रेस ऐसे सदमों से घबराती नहीं है, बल्कि फिर पूरी ताकत से वापस आती है। प्रदेश में मौजूदा कांग्रेस सरकार ने अभी तक के कार्यकाल में कई विकास कार्यों को अंजाम तक पहुंचाया है।
अपने घोषणा पत्र को पूरा किया। बेरोजगारी भत्ता प्रदान करके बेरोजगारों को एक बड़ी राहत दी है। बाली ने दावा किया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही यह सरकार आगामी चुनाव में फिर से सत्ता में आएगी। प्रदेश की जनता हमेशा विकासात्मक सोच को तरजीह देती रही है। इसलिए कांग्रेस सरकार के रिपीट करने का किसी को भी संदेह नहीं करना चाहिए।