वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि बेहतर प्रबंधन और अधिकारियों-कर्मचारियों के टीम वर्क से एचआरटीसी का कायाकल्प किया जाएगा।
सोमवार को बाशिंग स्थित कुल्लू डिपो की वर्कशॉप में कर्मचारियों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में गोविंद सिंह ने कहा कि निगम के लिए अतिरिक्त बजट के प्रावधान को लेकर उन्होंने वित्त विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की है।
इससे निगम के कर्मचारियों और पेंशनरों को काफी राहत मिलेगी। गोविंद सिंह ने कहा कि निगम की बेहतरी के लिए कर्मचारियों से सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। वे लिखित में सुझाव दे सकते हैं।
व्यावहारिक और प्रभावी सुझावों पर विचार किया जाएगा तथा उन्हें लागू किया जाएगा। निगम में अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कर्मचारियों की व्यवहारिक मांगों को भी सरकार पूरा करेगी।
मंत्री ने कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति और अन्य सभी पहलुओं के आकलन के बाद ही वे बड़े कदम उठाएंगे। प्रदेश में एक सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन तंत्र विकसित करने का भरसक प्रयास करेंगे।
निगम के मंडलीय प्रबंधक एएन सलारिया, क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेप्पा, कर्मचारी रामलाल और महिमन ने मंत्री का स्वागत किया तथा कुछ महत्वपूर्ण सुझाव रखे। अभिनंदन समारोह के बाद गोविंद सिंह अपने गृह क्षेत्र मनाली रवाना हुए।
उनका बाशिंग, बंदरोल, रायसन, पतलीकूहल और कई अन्य स्थानों पर लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और अन्य मौजूद रहे।