अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी बीएसएनएल को लैंड लाइन नंबरों से फ्री कालिंग सुविधा बंद करना महंगा पड़ सकता है। नए साल पर बीएसएनएल ने संडे फ्री कालिंग सुविधा बंद कर दी है इतना ही नहीं नाइट फ्री कॉलिंग के समय में भी कटौती कर दी है। बीएसएनएल ने 15 अगस्त से यह सेवा शुरू की थी।
बीएसएनएल के हजारों उपभोक्ता संडे को लैंड लाइन से अपने परिचितों, दोस्तों और परिजनों को फ्री कालिंग कर बातचीत करते थे। लंबी बात करने के लिए लोग मोबाइल की अपेक्षा लैंड लाइन फोन को तवज्जो देते हैं इसलिए भी बीएसएनएल की फ्री कॉलिंग उपभोक्ताओं में खासी लोकप्रिय थी। इसके अलावा नाइट फ्री कॉलिंग में भी बीएसएनएल ने करीब ढाई घंटे की कटौती कर दी है। पहले जहां रात नौ से सुबह सात बजे तक फ्री कॉलिंग की सुविधा थी वहीं अब समय में कटौती कर इसे साढ़े दस से सुबह छह बजे कर दिया गया है।
क्वालिटी सर्विस के लिए बदलाव जरूरी
फ्री कॉलिंग में कटौती से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। क्वालिटी सर्विस देने और लैंड लाइन सर्विस की बढ़िया मेंटेनेंस के लिए यह जरूरी था। बीएसएनएल ने ब्राडबैंड के रेट बढ़ाए बिना ही इंटरनेट स्पीड भी 8 से 10 एमबीपीएस कर दी है।
- एससी सिंह
महाप्रबंधक, बीएसएनएल