अगर आज आप आफिस, स्कूल-कॉलेज या अन्य किसी जरूरी काम के लिए लेट नहीं होना चाहते तो घर से निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले निकल जाएं। शहर का नया ट्रैफिक प्लान सोमवार को आपकी परीक्षा लेगा। यूं तो राजधानी शिमला में शनिवार से नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है, लेकिन दो दिनों की छुट्टी के बाद पहले वर्किंग डे पर असल परीक्षा आज होगी।
लिफ्ट के पास क्षतिग्रस्त सर्कुलर रोड की मरम्मत के चलते शहर में नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। लिफ्ट के पास नगर निगम की पार्किंग के सामने सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। टालैंड से आगे ओल्ड बस स्टैंड की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। टालैंड में अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। छोटा शिमला, संजौली, ढली और खलीनी, विकासनगर, मैहली, पंथाघाटी, कसुम्पटी तथा टूटीकंडी आईएसबीटी रूटों पर टालैंड से बसें रवाना की जा रही हैं।
टालैंड और होटल होली डे होम के बीच एचआरटीसी की दो बसें चलाई जा रही हैं। संजौली के लिए बसें लोकल बस स्टैंड से चलाई जा रही हैं। लोकल बस स्टैंड गुरुद्वारा (रिपन अस्पताल) से विक्ट्री टनल, लक्कड़ बाजार आईजीएमसी होते हुए बसें संजौली जा रही हैं। छोटी गाड़ियों के लिए लिफ्ट से छोटा शिमला की ओर जाने के लिए हाईकोर्ट, शिल्ली चौक, मरीना होटल, केएनएच, हिमलैंड, टालैंड रूट निर्धारित किया गया है।
यह रहेगा ट्रैफिक प्लान- ऊपरी शिमला, मशोबरा, ढली और संजौली की ओर से शिमला आने वाले लोगों को टालैंड में बसों से उतरना होगा। जिन बसों से यात्री टालैंड तक पहुंचेंगे, वह बसें टालैंड से खलीनी टूटीकंडी बाईपास होते आईएसबीटी की ओर रवाना हो जाएंगी। टालैंड से होटल होली डे होम (लिफ्ट) तक आने के लिए एचआरटीसी की बसें टालैंड स्थित गैस गोदाम के सामने से पकड़नी होंगी।
मैहली, पंथाघाटी, कुसुम्पटी, विकासनगर, बीसीएस, न्यू शिमला की ओर से शिमला आने वाले लोगों को इन क्षेत्रों से आने वाली बसें टालैंड तक छोड़ेंगी। टालैंड से लोग एचआरटीसी की शटल बसों में होटल होली डे होम (लिफ्ट) तक पहुंचेंगे। प्राइवेट बसें यदि टालैंड नहीं आतीं तो लोगों को खलीनी से पैदल ही टालैंड पहुंचना होगा। हालांकि प्रशासन ने बसों का टालैंड तक आना अनिवार्य किया है।
दोगुने किराये से बचना है तो थोड़ा पैदल चल लें- ट्रैफिक प्लान में बदलाव के चलते बसें टूटीकंडी बाईपास होते चलेंगी। अधिक दूरी तय करने पर किराया भी अधिक चुकाना होगा और समय भी ज्यादा लगेगा। ऐसे में थोड़ा सा पैदल चलकर आप दोगुने किराये और समय की बचत कर सकते हैं।
टालैंड से होटल होली डे होम (लिफ्ट) तक बस से आने के बाद पांच से सात मिनट पैदल चलकर आप ओल्ड बस स्टैंड पहुंच सकते हैं। लिफ्ट से मालरोड और लोअर बाजार तक पैदल पहुंचने में भी आपको आठ से दस मिनट ही लगेंगे। जरूरत पड़ने पर मालरोड पहुंचने के लिए एचपीटीडीसी लिफ्ट भी विकल्प है।
कार से शिमला आ रहे हैं तो थोड़ा सतर्क हो जाएं- पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जगह निजी वाहनों में सफर को तरजीह देने वालों को ट्रैफिक प्लान में बदलाव के बाद थोड़ी ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ सकती है। ओल्ड बस स्टैंड की ओर टालैंड में सड़क को वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ओल्ड बस स्टैंड पहुंचने के लिए आपको टूटीकंडी बाईपास से आईएसबीटी, क्रासिंग, आरटीओ आफिस, 103 टनल होते हुए आना होगा।
ध्यान दें, वन वे ही खोली गई है प्रतिबंधित सड़क- हाईकोर्ट-छोटा शिमला वाया शिल्ली चौक मार्ग छोटी गाड़ियों के लिए वन वे खोला गया है। ओल्ड बस स्टैंड की ओर से छोटा शिमला जाने वाले लोग प्रतिबंधित मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। हाईकोर्ट से होटल मरीना और ओकओवर होते हुए गाड़ियां छोटा शिमला जा सकेंगी, लेकिन छोटा शिमला से ओल्ड बस स्टैंड की ओर आने के लिए इस मार्ग का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। छोटा शिमला से ओल्ड बस स्टैंड आने के लिए वाया लक्कड़ बाजार या टूटीकंडी बाईपास ही विकल्प है।
स्कूल बसों के लिए यह रहेगी व्यवस्था- एचआरटीसी की ओर से चलाई जा रही स्कूल बसें पूर्व निर्धारित समय पर ही रवाना होंगी। 49 बसों में से 8 बसों के समय में फेरबदल किया है। ताराहाल स्कूल जाने वाली बसें न्यू शिमला, विकासनगर, सरगीन, बसंत बिहार से वाया टॉलैंड, छोटा शिमला, संजौली, लक्कड़ बाजार होते हुए ताराहॉल जाएंगी। स्टोक्स मेमोरियल स्कूल के लिए बस होटल होली डे होम के नीचे से पूर्व निर्धारित समय पर ही चलेंगी।