सिरमौर के पांवटा के रामपुरघाट के समीप एक ट्रेक्टर ने दो वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसएचओ पांवटा लायक राम सिसौदिया समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को एक ट्रैक्टर यूके-16 3795 रामपुरघाट के समीप क्रशर में पहुंचा। इस क्षेत्र में क्रशर कार्य चलते हैं। इसमें सैकड़ों प्रवासी मजदूर परिवार रहते हैं। कुछ ही दूरी पर छोटे बच्चे खेल रहे थे। इस बीच ट्रैक्टर चल पड़ा। ट्रैक्टर की चपेट में पास ही खेल रहा बच्चा रोहित (2) पुत्र उमेंद्र निवासी मनकापुर बदायूं (उत्तर प्रदेश) आ गया।
हादसे में बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद आसपास के मजदूर और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसकी सूचना परिजनों और पांवटा पुलिस थाने में दी गई। इसके बाद एसचओ पांवटा लायक राम सिसौदिया टीम सहित मौके पर पहुंचे। आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि कर कहा कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इस हादसे में दो वर्षीय मासूम रोहित पुत्र उमेंद्र निवासी उत्तर प्रदेश की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।