कालका-शिमला रेलमार्ग पर रेल विभाग अब तारादेवी स्टेशन तक टॉय ट्रेन की तैयारियों में जुटा है। इसके लिए रेलवे के मंडल कार्यालय द्वारा एक पत्र जारी किया गया है। पत्र के अनुसार मंगलवार से कालका से तारादेवी तक टॉय ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे पहले बुधवार से कालका से सोलन तक दो स्पेशल टॉय ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ था। यह दोनों ट्रेनें अनारक्षित हैं। तारादेवी से आगे समरहिल में ट्रैक को बहाल करने में अभी समय लगेगा। रेल अधिकारियों की माने तो उनका लक्ष्य है कि 30 सितंबर तक कालका से शिमला तक ट्रेन संचालन पहले की तरह शुरू किया जाए। इसको लेकर ट्रैक पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
20 सितंबर को कालका से सोलन के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया था। अब 26 सितंबर से कालका से तारा देवी तक इसे बढ़ाया जाएगा। कालका शिमला रेलवे लाइन को तीन चरणों में बहाल किया जाना है। सोलन से शिमला के बीच तीसरे चरण का कार्य चल रहा है। 30 सितंबर तक शिमला तक रेल पहुंचाने का लक्ष्य है। -मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला
विश्व धरोहर में शामिल कालका-शिमला रेलमार्ग पर मंगलवार से तारादेवी तक ट्रेन संचालन को लेकर योजना बन रही है। इसको लेकर तैयारियों में लगे हैं। सब कुछ सही रहा तो तारादेवी तक ट्रेन संचालन शुरू कर दिया जाएगा। -सीताराम मीणा स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन कालका