पिछले 48 घंटों के दौरान अटल टनल रोहतांग से करीब 30 हजार वाहन गुजरे हैं। क्रिसमस पर पर्यटन नगरी मनाली में हजारों सैलानियों ने दस्तक दी है। पिछले दो दिन में ही एक लाख से अधिक पर्यटक मनाली पहुंचे, जबकि नववर्ष के लिए मनाली के होटल बुक हैं। ऐसे में पर्यटकों के आने का सिलसिला नववर्ष तक जारी रहेगा।
रविवार सुबह 8:00 बजे से सोमवार सुबह 8:00 बजे के बीच अटल टनल रोहतांग में 19,000 वाहन आर-पार हुए। इनमें हिमाचल प्रदेश के 6,120 वाहन अटल टनल से होकर नॉर्थ पोटर्ल पहुंचे। 5,198 वाहन अटल टनल के साउथ पोर्टल से मनाली की तरफ आए। अन्य राज्यों के 4,569 वाहन अटल टनल से नॉर्थ पोर्टल गए, जबकि 3,496 वाहन मनाली की तरफ आए। कुल 10,689 वाहन अटल टनल होकर नॉर्थ पोर्टल पहुंचे।
8,694 वाहन साउथ पोर्टल की तरफ मनाली लौटे। पर्यटक वाहनों की भारी आमद के चलते मनाली की सड़कों पर जाम लग रहा है। हालांकि, मनाली में 100 से अधिक जवानों को ट्रैफिक सुचारु रखने के लिए तैनात किया गया है। बावजूद इसके सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रहीं।
लाहौल-स्पीति प्रशासन भी पर्यटकों की आमद को देखते हुए पूरी तरह से अलर्ट पर रहा। पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में ट्रैफिक को सुचारु रखा गया है। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस के जवान अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने पर्यटकों से भी आग्रह किया है कि वे पुलिस का सहयोग करें।