अब बाहरी राज्यों से शिमला आने वाले सैलानियों को ग्रीन फीस चुकानी होगी। यहां पैट्रोल पंपों, बैंकों और लोकमित्र केंद्रों पर भी ग्रीन फीस जमा करवा सकेंगे। सैलानियों को सुविधा देने के लिए नगर निगम यह व्यवस्था शुरू करने का प्रयास करेगा।
इतना ही नहीं ट्रेन और परिवहन निगम की बसों से शिमला आने वाले सैलानियों को ग्रीन फीस नहीं चुकानी होगी। बुधवार का ग्रीन फीस को लेकर आईटी विभाग के साथ नगर निगम की बैठक के बाद निगम आयुक्त पंकज राय ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आईटी विभाग ने एक हफ्ते के भीतर ग्रीन फीस वसूली के लिए मोबाइल ऐप तैयार करने का आश्वासन दिया है। ऐप बनने के बाद ग्रीन फीस की वसूली को लेकर नगर निगम 15 से 20 दिन का ट्रायल करेगा। ट्रायल सफल रहने के बाद स्थायी तौर पर व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।