राजधानी में दिल्ली के एक पर्यटक जोड़े ने विक्ट्री टनल के पास खूब हंगामा किया। शनिवार देर रात दिल्ली से पर्यटक जोड़ा पुलिस कर्मियों से उलझ पड़ा। इसके बाद इन्होंने गाड़ी से उतरकर चौक पर खूब हंगामा किया। इस बीच स्थानीय लोग भी एकत्रित हुए और मामले को शांत करवाया। हंगामा बढ़ता देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। हालांकि बाद में पर्यटकों की ओर से लिखित रुप में माफी मांगने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि विक्ट्री टनल के पास रुटीन चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक गाड़ी को जांच के लिए रोका गया तो पर्यटक पुलिस ने उलझ गए। गाड़ी चालक का ड्रंक एंड ड्राइविंग के तहत चालान हुआ है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें युवक और युवती नजर आ रहे हैं, जो विक्ट्री टनल चौक पर पुलिस से उलझ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पर्यटक दिल्ली के है और राजधानी घूमने आए थे। यह लोग शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे। वीडियो में स्थानीय लोग पर्यटकों पर शराब पीकर हंगामा करने की बात कर रहे हैं। इधर, पुलिस के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस कर्मियों से पर्यटकों ने बदसलूकी की थी। बाद में पर्यटकों की लिखित में माफी मांगी और उन्हें छोड़ दिया गया।