पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और यूपी से सैलानी वीकेंड पर शिमला पहुंचे। रविवार सुबह से ही शहर के मालरोड, रिज व अन्य स्थानों पर सैलानियों की भीड़ रही। इस दौरान रिज पर सैलानियों ने घुड़सवारी, फोटोग्राफी और वीडियो बनाने का आनंद लिया।
मैदानों में तपती गर्मी से राहत पाने के लिए वीकेंड पर भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया। शनिवार सुबह से ही शहर में सैलानियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। देर शाम तक शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 80 फीसदी तक पहुंच गई। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और यूपी से सैलानी वीकेंड पर शिमला पहुंचे। रविवार सुबह से ही शहर के मालरोड, रिज व अन्य स्थानों पर सैलानियों की भीड़ रही। इस दौरान रिज पर सैलानियों ने घुड़सवारी, फोटोग्राफी और वीडियो बनाने का आनंद लिया। लोअर बाजार और लक्कड़ बाजार में भी सैलानियों की भारी भीड़ है।
विज्ञापन
शनिवार को सर्कुलर रोड की बहुमंजिला पार्किंग की सभी मंजिलें दोपहर 1:00 बजे तक पैक हो गई थीं, इसके बाद टेरेस फ्लोर पर गाड़ियां लगवाई गईं। ढाई बजे नो पार्किंग का बोर्ड लगाकर प्रवेशद्वार चेन लगाकर बंद कर दिया। दोपहर 12:00 बजे से ही मालरोड लिफ्ट के बाहर सैलानियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। वीकेंड पर शहर के कई होटलों में शाम के समय लाइव कार्यक्रम भी आयोजित किए। ट्रेवल एजेंट्स एसोसियेशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने से वीकेंड पर शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है। होटलों में ऑक्यूपेंसी 70 से 80 फीसदी पहुंच गई है।
सर्कुलर रोड पर सजा दिया शामियाना, ट्रैफिक जाम
उधर, शिमला के व्यस्ततम सर्कुलर रोड पर शनिवार को लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर ही शामियाना सजा दिया जिससे ट्रैफिक जाम हो गया। मौका था शहरी विकास मंत्री के हाथों कार्ट रोड से कृष्णानगर के लिए बनने वाले लिंक रोड के शिलान्यास का। लोक निर्माण विभाग ने सदर थाने के लिए जाने वाली सीढ़ियों के ठीक सामने सब्जी मंडी ग्राउंड बायफरिकेशन के पास सड़क किनारे सोफे और कुर्सियां भी लगा दीं। शनिवार को वीकेंड के चलते लिफ्ट की ओर सैलानियों की भारी आमद के कारण सवा तीन बजे से पौने चार बजे तक ट्रैफिक जाम रहा। वाहनों की कतार एक ओर नगर निगम की मैट्रोपोल पार्किंग और दूसरी ओर गुरुद्वारे के पास स्थित लोकल बस स्टैंड तक लगी रही।