पर्यटन विभाग की टीम ने शहर भर में 23 होटलों का निरीक्षण किया।
- फोटो : अमर उजाला
शहर के कई होटलों के किचन तहखानों और ढारों में चल रहे हैं। किचन के हालात इतने खराब हैं कि दूषित खाने से कभी भी सैलानियों की तबीयत बिगड़ सकती है। होटलों के अंदर गलियों के बीच छज्जों के नीचे किचन चलाए जा रहे हैं। कुछ होटलों में तो किचन की चारदीवारी तक नहीं है।
खुले लेंटर के ऊपर फर्श पर किचन में सैलानियों के लिए खाना तैयार किया जा रहा है। किचन में एग्जास्ट फैन न होने के कारण होटल कर्मचारियों को जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ रहा है। सफाई न होने के कारण किचन गंदगी से भरे पड़े हैं।
समर टूरिस्ट सीजन के दौरान लापरवाही बरत रहे ऐसे होटल संचालकों पर वीरवार को पर्यटन विभाग ने शिकंजा कसा। विभाग की टीम ने इंस्पेक्टर होटल रवि धीमान की अगुवाई में शहर भर में 23 होटलों का निरीक्षण किया। अनियमितताएं पाए जाने पर 11 होटलों के चालान किए गए।
किचन में गंदगी, खुले में पड़ा खाने का सामान
एजी आफिस और कार्ट रोड के आसपास चल रहे होटलों में स्थिति सबसे खराब है। होटलों के किचन में गंदगी है और खाने पीने की वस्तुएं खुली पड़ी हैं। वीरवार को निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग ने ऐसे होटलों के चालान किए।