कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 31 नए मामले आए हैं। कांगड़ा जिले में नौ, किन्नौर चार, सिरमौर तीन, सोलन पांच, ऊना पांच, शिमला दो, जबकि बिलासपुर, हमीरपुर और कुल्लू में एक-एक नया मामला आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 58457 पहुंच गया है। कोरोना सक्रिय मामलों की संख्या 229 हो गई है। अब तक 57233 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं और 982 की मौत हुई है। बिलासपुर में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 17, चंबा चार, हमीरपुर सात, कांगड़ा 51, किन्नौर नौ, कुल्लू 11, मंडी 19, शिमला 23, सिरमौर 23, सोलन 20 और ऊना जिले में 45 है।
किन्नौर में दो विद्यार्थी और शिक्षक पॉजिटिव
वहीं, जिले में स्कूल खुलने के बाद विद्यार्थियों के संक्रमित होने का पहला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राजकीय पाठशाला सुन्नम के दो विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। विद्यार्थियों के संक्रमित आने के बाद स्कूल को छह दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जबकि केंद्रीय विद्यालय रिकांगपिओ का एक शिक्षक भी संक्रमित पाया गया है। सीएमओ किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि बुधवार को किन्नौर जिले में कोरोना संक्रमण के चार नए मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के लोगों को अभी भी एहतियात बरतने की आवश्यक है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए लोगों को सरकार के निर्देशों की पालना करने की जरूरत है।