इंदौरा ब्लॉक की लोधवां पंचायत के बाडी खड्ड गांव की रहने वाली सोमी पहली दिसंबर को नई दिल्ली में होने वाली प्रोफेशनल फाइट में दमखम दिखाएगी। यह फाइट अंतरराष्ट्रीय होशराफू फेडरेशन से स्वीकृत है। फाइट तेंजिन पामा और सोमी देवी के बीच केसीएल केज में होगी। प्रोफेशनल फाइट को तीन से पांच बजे तक न्यू इंडिया चैनल में देख सकते हैं। दुनिया के इस चर्चित खेल में सोमी देवी की जाने की कहानी भी फिल्मी है।
एक ही परिवार की चार बहनें कुश्ती, मुक्केबाजी और जूडो और बाकी खेलों की बेहतरीन खिलाड़ी हैं। पर परिवारिक आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण सोमी देवी को प्रोफेशनल खेलों की ओर जाना पड़ा। सोमी देवी को पािरवारिक स्थिति को मजबूत करने के लिए रिंग में उतरना पड़ा। सोमी के अलावा भारत के कई नामी खिलाड़ी भी प्रोफेशनल खेलों में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। विजेंद्र सिंह, रितु फोगाट, मनजीत भुल्लर प्रमुख नाम हैं।
सोमी कितनी बेहतरीन खिलाड़ी हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री से लेकर नूरपुर प्रशासन तक इस खिलाड़ी को सम्मानित कर चुके हैं। पिछले दिनों इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कंपनी यूएस आई इंटरनेशनल ने सोमी के साथ करार किया था। वह सूबे की पहली प्रोफेशनल फिमेल खिलाड़ी हैं, जिसके साथ किसी स्पोर्ट्स कंपनी ने करार किया हो। सोमी इस समय आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर की छात्रा है, जहां वह पढ़ाई के साथ नूरपुर स्पोर्ट्स क्लब में अपनी ट्रेनिंग भी कर रही हैं।