अपने संदेश में तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने लिखा कि मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि फिलीपींस और रूस में प्रेस और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करने के लिए दो पत्रकारों को इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है।
तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा ने नोबेल शांति पुरस्कार जीतने वाले मारिया रेसा और रूसी पत्रकार दिमित्री मुरातोव के नाम बधाई संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि फिलीपींस और रूस में प्रेस और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा करने के लिए दो पत्रकारों को इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है। उन्होंने लिखा कि नोबेल समिति ने दोनों पत्रकारों का चयन करके दुनिया भर के पत्रकारों को सम्मानित किया है, जो चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खुद को जोखिम में डालकर पत्रकारीय आदर्शों की रक्षा कर रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने लिखा कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक-धार्मिक समन्वय के विकास में पत्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। अपने संदेश के अंत में उन्होंने लिखा मारिया रेसा और दिमित्री मुरातोव की ओर से पत्रकारिता के दिखाए साहस की मैं सराहना करता हूं। उम्मीद है कि यह सम्मान मीडिया में कार्यरत हर उस व्यक्ति को साहस प्रदान करेगा, जो सच और स्वतंत्रता के संरक्षण के लिए प्रयासरत है, जिस पर समूचे विश्व की शांति निर्भर करती है।