हिमाचल हर दिन कोरोना वायरस को मात दे रहा है। शनिवार को तीन और संक्रमित मरीज ठीक हो गए। तीनों मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। इनमें दो ऊना और एक चंबा जिले का मरीज शामिल है। ऊना का ठीक हुआ एक मरीज हमीरपुर के भोटा में और दूसरा टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। इसके अलावा चंबा के सिहुंता का जालंधर से लौटा युवक टांडा में ठीक हुआ है। तीनों को डिस्चार्ज कर 14 दिन के लिए संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा। सिहुंता के मरीज के ठीक होते ही चंबा जिला भी कोरोना मुक्त हो गया।
प्रदेश में 40 कोरोना संक्रमित मरीज थे, जिनमें अब दो सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें ऊना के एक और भोटा में भर्ती मरीज की टांडा से पहली रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। 24 घंटे बाद उसकी दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आती है तो उसे भी डिस्चार्ज कर क्वारंटीन किया जाएगा। इससे ऊना जिला भी कोरोना मुक्त हो जाएगा। वहीं एक अन्य मरीज सिरमौर जिले का मरीज काठा अस्पताल में भर्ती है। कुल मिलाकर प्रदेश के दस जिले कोरोना मुक्त हैं। उधर नांदेड़ से ऊना लौटे बस चालक और परिचालक की रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई है। इसके अलावा बीते दिन हमीरपुर के दो मरीजों को ठीक होने के बाद शनिवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है।