जिला मुख्यालय चंबा कॉलेज में 700 छात्रों को पढ़ा रहे तीन प्रवक्ताओं को एक छात्र के लिए पांगी भेज दिया गया है। शिक्षा विभाग ने यह फरमान पांगी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे एक छात्र के लिए सुनाया है।
उन्हें डेपुटेशन पर भेजा गया है। इससे चंबा कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रहे सैकड़ों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने लगी है।
विभाग का फरमान अभिभावकों के गले नहीं उतर रहा है। उनका तर्क है कि पांगी के छात्र को चंबा भी बुलाया जा सकता है। उधर, विभाग के आदेश के बाद तीनों प्रवक्ता जम्मू से होते हुए पांगी पहुंच गए हैं।
ऐसा लगता है कि विभाग को 1 छात्र के सामने 700 छात्रों का भविष्य नजर नहीं आ रहा है। शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से जारी निर्देशानुसार चंबा कॉलेज की प्राचार्या ने फिजिक्स, मैथ व केमिस्टरी के प्रवक्ता को डेपुटेशन पर पांगी भेज दिया है।
चंबा कॉलेज की प्राचार्या सुमन बेदी ने बताया कि फिजिक्स, मैथ व केमिस्ट्री के दो-दो प्राध्यापक हैं। निदेशालय से मिले निर्देशों के बाद पांगी के लिए तीन प्राध्यापकों को डेपुटेशन पर भेजा गया है।