देश की थार रेगिस्तान पर होने वाली सबसे खतरनाक कार रैली में भाग लेने के लिए पिछली बार के चैंपियन सुरेश राणा एक बार फिर किस्मत आजमा रहे हैं। राणा डेजर्ट स्टॉर्म रैली में हिस्सा लेंगे।
कई रैलियों को अपने नाम करने वाले सुरेश राणा रैली के लिए कुल्लू से रवाना हो चुके हैं। कार रैली रविवार को दिल्ली एनसीआर के पास नोएडा से शुरू होगी। इसका समापन 23 मार्च को गोल्डन सिटी जैसलमेर में होगा।
इस बार भारी तादाद में प्रतिभागी रैली में भाग ले रहे हैं। मारुति सुजुकी की डेजर्ट स्टॉर्म रैली रेत पर होने वाली देश की सबसे लंबी क्रॉस कंट्री कार रैलियों में शुमार है। इसे बीकानेर और जैसलमेर के बीच विभिन्न स्टेजस में आयोजित किया जा रहा है।
शुरुआत से अंत तक कुल चार दिन में 10 विशेष स्टेज में क्रॉस कंट्री रैली पार करनी होगी। थार राजस्थान की रेत पर लगभग 25 सौ किलोमीटर की रैली के लिए दिन को विभिन्न अंतराल में 200, रात को भी 160 किलोमीटर सफर करना होगा।
पिछले 16 वर्षों में पांच बार रैली का खिताब अपने नाम कर चुके सुरेश राणा ने अमर उजाला से बताया कि कार रैली के एक्ट्रीम वर्ग में जीतने के लिए सबसे पहले जज्बा होना जरूरी है। यह रैली मानसिक और शारीरिक फिटनेस का भी टेस्ट होता है।
11 बार जीत चुके हैं रेड द हिमालय कार रैली
सुरेश राणा 11 बार रेड द हिमालय कार रैली का खिताब जीत चुके हैं। पांच बार डेजर्ट स्टॉर्म के विजेता रहे हैं। छठी बार इस मुकाम को हासिल करने के लिए वह रवाना हुए हैं। तीन बार दक्षिण डेयर रैली का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। सुरेश राणा के अब के प्रदर्शन पर सभी प्रशंसकों की नजर टिकी है।