महिला एवं बाल विकास मंत्रालय बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत हिमाचल के तीन जिलों शिमला, मंडी और सिरमौर को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजेगा। दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को मंत्री स्मृति ईरानी प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल की मौजूदगी में जिला उपायुक्तों को पुरस्कृत करेंगी।
मंडी के उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर, शिमला के अमित कश्यप और डॉ. आरके परूथी पुरस्कार लेंगे। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में अच्छा काम करने पर मंडी जिला को एक वर्ष में दूसरी बार पुरस्कृत किया जा रहा है। शिमला जिला को पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। बेहतर लिंगानुपात के लिए सिरमौर जिला भी देश के टॉप जिलों में शामिल है।
उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 7 अक्तूबर 2018 को मंडी जिले में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया था। एक साल में जिले को दूसरी बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। इससे पहले मंडी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ में प्रभावी सामुदायिक सहभागिता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।