शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि जिन लोगों को वोट बैंक की फिक्र है, केवल वही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। भारद्वाज ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाने के पक्ष में कांग्रेस के नेता भी उतर आए हैं।
विक्रमादित्य सिंह, सुधीर शर्मा की तरह ही कई कांग्रेस नेता भी इसके समर्थन में आ गए हैं। सुरेश भारद्वाज ने कुछ कांग्रेस नेताओं की ओर से हिमाचल में धारा-118 को छेड़ने की आशंका पर कहा कि कश्मीर मामले से इसका कोई ताल्लुक नहीं है।
भारद्वाज ने कहा कि अब देश में 28 राज्य रह जाएंगे और केंद्र शासित प्रदेश नौ हो जाएंगे। जम्मू-कश्मीर में एक विधान, एक निशान का सपना पूरा हो गया है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भी काम आया है।
जम्मू-कश्मीर में अब पूरे देश की तरह ही आरटीई, आरटीआई जैसे कई महत्वपूर्ण एक्ट लागू होंगे। जितने भी भारतीय कानून हैं, वे सब लागू हो जाएंगे। कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर और उपाध्यक्ष गणेश दत्त इस दौरान मौजूद रहे।