टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल कांगड़ा में भर्ती तीन और कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हो गए हैं। तीनों मरीजों की ब्लड सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा 33 अन्य लोगों के भी कोविड 19 सैंपल की रिपोर्ट सामान्य आई है। तब्लीगी जमात के तीनों मरीज सात दिन पहले ऊना से टांडा अस्पताल लाए गए थे। यह मरीज मंडी और सुंदरनगर के रहने वाले हैं।
ये लोग ऊना जिले की नकड़ोह मस्जिद में ठहरे थे। इनके सैंपल लेने पर यह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। टांडा अस्पताल में अब तीनों मरीजों के सात दिन बाद फिर से ब्लड सैंपल लिए जाएंगे। अगर फिर रिपोर्ट निगेटिव आई तो इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे जाएगी।
टांडा अस्पताल में कोरोना संक्रमण से ग्रसित कुल पांच मरीज भर्ती हैं। इनमें से तीन मरीजों की गुरुवार को पहले चरण की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे पहले कांगड़ा जिले के 63 साल की महिला समेत दो मरीज टांडा में ठीक हो चुके हैं, जबकि एक मरीज दम तोड़ चुका है।