एक पंजाब, दूसरा मंडी और तीसरा ठियोग का है युवक
पंजाब से शिमला के लिए चल रहे चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का हो सकता है खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पुलिस ने पंजाब से शिमला चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ही रात में शोघी और बालूगंज में तीन आरोपियों को 44 ग्राम से अधिक चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। स्पेशल सेल की टीम ने सूचना और वाहनों की नियमित जांच के आधार पर यह कार्रवाई की।
शोघी बैरियर पर स्पेशल सेल की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। रात करीब 10:30 बजे पुलिस ने दिल्ली से शिमला आ रही एचआरटीसी बस को तलाशी के लिए रोका। सवारियों की तलाशी लेने पर बलजीत सिंह निवासी धर्मकोर्ट जिला मोगा (पंजाब) से 30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी चंडीगढ़ से बस में बैठा था और शिमला आ रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किसे बेचने की फिराक में था। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरे मामले में बालूगंज क्रॉसिंग पर स्पेशल सेल ने सोमवार तड़के 5:00 बजे सोलन की तरफ से आ रही बाइक को रोककर तलाशी ली। बाइक पर दो युवक सवार थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 14.110 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान विकसित राठौर, निवासी धर्मपुर मंडी और साहिल लाल्टा, निवासी ठियोग के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बालूगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया और आगामी कार्रवाई के लिए मामला थाने के सुपुर्द कर दिया।
एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस ने शोघी और बालूगंज में चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है और नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।