चौकी क्षेत्र में पकड़े
गए आरोपी
क्षेत्र में कई घरों के बाहर से गायब हो रहा था सामान
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। घोड़ा चौकी क्षेत्र में लोगों ने घरों और दुकानों से सामान चुराने वाले तीन युवकों को पकड़ा है। तीनों युवकों से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपियों से दुकानें से चुराए गए कोल्ड डि्रंक, कपड़े, जूते समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामला वीरवार रात पौने तीन बजे का है, जब दूध की सप्लाई का काम करने वाला एक युवक उठा। इस दौरान उसने घर के बाहर कुछ युवकों की आवाजें सुनीं। इससे उसे शक हुआ कि तीनों चोरी के इरादे से यहां आए हैं। इसने पिंकू को फोन किया। इसके बाद आसपास के लोग बाहर निकले और युवकों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दो मौके से भाग निकले। बाद में पकड़े गए युवक के कहने पर दोनों वापस आ गए। लोगों ने इस बारे में बालूगंज पुलिस को भी सूचित किया। जांच पड़ताल की गई तो आरोपियों द्वारा दुकान से चोरी की गई कोल्ड डि्रंक्स, घरों के बाहर से चुराए गए कपड़े और जूते समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
विज्ञापन
तीन युवकों में से दो ठियोग और एक नेपाल का रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से पूरे क्षेत्र में घरों के बाहर से सामान चोरी हो रहा था। इसको लेकर लोग काफी चिंतित थे। युवकों से पूछताछ में पता चला है कि उन्होंने घरों के बाहर से जो भी सामान मिला उसे उठा लिया था। इसके बाद वह कुछ और जगहों पर भी सामान चुराने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान स्थानीय युवक की मुस्तैदी से तीनों पकड़े गए। तड़के चार बजे बालूगंज पुलिस स्टेशन से एक टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई है।
किराये के कमरे में रहते थे तीनों आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जांच कर रही है कि आखिरकार युवकों ने इससे पहले कहां-कहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि तीन युवकों कुछ समय पहले ही यहां किराये का मकान लेकर रहने लगे थे। इसके बाद से ही क्षेत्र में चोरी की घटनाएं सामने आने लगीं थी। लोगों को शक है कि इससे पहले हुई चोरी की घटनाओं में भी इन युवकों की संलिप्तता तो नीं है। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही इसको लेकर खुलासा हो पाएगा।