सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुशील शर्मा की गिरफ्तारी और उसके बाद जमानत मिलने का मामला ठियोग में राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ विरोध अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों तक पहुंच गया है। भाजपा और माकपा से जुड़े कई नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। सुशील शर्मा के समर्थन में ठियोग के पूर्व विधायक राकेश सिंघा, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अजय श्याम, पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी इंदु वर्मा, कुमारसेन से भाजपा प्रत्याशी रह चुके संदीपनी भारद्वाज और एपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष नरेश शर्मा समेत कई नेता सामने आए हैं। इन नेताओं ने गिरफ्तारी की परिस्थितियों पर आपत्ति जताई है।
सोशल मीडिया पर भी सुशील के समर्थन में उठीं आवाजें
सुशील शर्मा की गिरफ्तारी के बाद फेसबुक समेत विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर उनके समर्थन में लगातार पोस्ट और प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई लोगों ने गिरफ्तारी की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों ने खुशी जताई। माकपा नेता संदीप सोनू और देवरीघाट पंचायत के प्रधान सुरेश वर्मा ने भी गिरफ्तारी पर आपत्ति जताई। संदीप सोनू ने कहा कि सुशील शर्मा लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था, सड़कों की टारिंग, पेयजल आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। उन्होंने इस मामले को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
भाजपा नेताओं ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
भाजपा नेता अजय श्याम, संदीपनी भारद्वाज, ठियोग मंडल अध्यक्ष दूनी चंद कश्यप, महामंत्री रामकृष्ण, देवी सिंह भोटका, जिला महामंत्री संजय वर्मा, उपाध्यक्ष रमेश हेटा, रमेश खाची और प्रवक्ता अश्वनी बख्शी ने भी गिरफ्तारी की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। इन नेताओं ने मांग की है कि मामले की जांच किसी अन्य पुलिस थाने को सौंपी जाए, ताकि जांच की निष्पक्षता बनी रहे। भाजपा और माकपा सहित अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि के नेताओं की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला ठियोग में चर्चा का विषय बन गया है।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर कथित मानहानिकारक और आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में ठियोग पुलिस ने सुशील शर्मा उर्फ सुनील शर्मा (47) को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, सुशील शर्मा पर आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के फेसबुक पेज के माध्यम से शिकायतकर्ताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी कथित असत्य और मानहानिकारक आरोप प्रसारित करने का आरोप है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान सुशील ने विवादित पोस्ट और वीडियो स्वयं अपलोड करने तथा बाद में उन्हें डिलीट करने की बात स्वीकार की।
इस मामले में 13 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके अलावा 18 नवंबर को भी इसी तरह की कथित सोशल मीडिया टिप्पणियों को लेकर एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, पहले नोटिस दिए जाने के बावजूद ऐसी गतिविधियां दोहराने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने के आरोप में 21 नवंबर को सुशील शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस कार्रवाई को कोर्ट में चुनौती देंगे सुशील
जमानत पर रिहा होने के बाद सुशील शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वह अदालत से अग्रिम जमानत लेने के बाद ही 21 नवंबर को पुलिस थाना पहुंचे थे। सुशील ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नए मामले की बजाय अगस्त में दर्ज पुराने मामले में उन्हें गिरफ्तार किया, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नियमानुसार 35 ए फॉर्म नहीं दिया गया। सुशील ने कहा कि वह पुलिस की इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती देंगे।
सीएम सुक्खू के शिक्षक रह चुके हैं सुशील के पिता
इस मामले में सुशील शर्मा के पिता बीआर शर्मा का नाम भी चर्चा में आया है। सुशील के अनुसार, उनके पिता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विधि विभाग में शिक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी वहां विधि की पढ़ाई की थी। चर्चा थी कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, सुशील शर्मा ने कहा कि उनके पिता की मुख्यमंत्री से इस मामले को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। वहीं, शिमला पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से फिलहाल कोई रिपोर्ट नहीं मांगी गई है और पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।