शिमला। यदि आप स्वादिष्ट व्यंजन बनाना सीखना चाहती हैं तो हाउसिंग बोर्ड जाखू पहुंच जाएं। यहां 18 जुलाई तक महिलाओं को स्वादिष्ट खाने के नुस्खे सिखाए जाएंगे।
भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के खाद्य एवं पोषाहार बोर्ड के स्थानीय कार्यालय में सोमवार से महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया है।
प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को पौष्टिक आहार का महत्व समझाया जाएगा। शिमला कार्यालय के प्रभारी कुलदीप शौर्या ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को तरह-तरह के व्यंजन बनाने सिखाए जाएंगे।
महिलाओं को मौसम के अनुसार आम का आचार डालने के लिए विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न फलों से जैम बनाने, मुरब्बा बनाने, जैली, कैंडी, पौष्टिक लड्डू बनाने के अलावा स्क्वैश, बर्फी, टमाटर की सॉस और चटनी बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं में खून की कमी को दूर करने और बच्चों में पौष्टिक आहार न मिलने से होने वाली बीमारियों के बारे में भी जानकारियां दी जाएगी।