गुम्मा पेयजल परियोजना का एक और ट्रांसफार्मर खराब, पानी की सप्लाई घटी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में शुक्रवार से फिर से पानी की किल्लत होने वाली है। शहरवासियों को अब तीसरे दिन पानी मिलेगा। सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गुम्मा का एक और ट्रांसफार्मर खराब हो गया है। दराबला के पास लगा ट्रांसफार्मर वीरवार सुबह अचानक चलना बंद हो गया। इसके चलते इस परियोजना से शहर के लिए पानी की सप्लाई घट गई है। वीरवार सुबह से ही शहर के लिए कम पानी आ रहा है।
देररात तक इसे ठीक करने का काम जारी रहा। पेयजल कंपनी ने अभी पानी की राशनिंग का शेड्यूल जारी नहीं किया है लेकिन सभी जोन में शुक्रवार से आधे-आधे इलाकों में ही पानी देने को कहा है। कोटी ब्रांडी समेत बाकी परियोजनाओं से पहले ही पानी की सप्लाई 60 फीसदी तक घट चुकी है। गुम्मा के ट्रांसफार्मर में खराबी ठीक न होने की हालत में आज आधिकारिक शेड्यूल जारी किया जाएगा।
गुम्मा शहर की सबसे बड़ी परियोजना है। इससे शिमला शहर को रोजाना 22 से 24 एमएलडी पानी मिलता है। बीते माह भी इस परियोजना के एक ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। इस कारण एक माह तक शहर में पानी की राशनिंग रही थी। अब परियोजना के दूसरे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। पेयजल कंपनी के एजीएम अनिल जसवाल वीरवार को मौके पर पहुंचे और बिजली बोर्ड के अधिकारियों से इस बारे में बात की। कहा कि बिजली बोर्ड ही इस बारे में बता सकता है कि कब खराबी ठीक होगी।
आज यहां आएगा पानी
शहर में पानी की अघोषित राशनिग के चलते आधे शहर में ही पानी आएगा। कंपनी के कंट्रोल रूम के शेड्यूल के अनुसार शहर के निगम बिहार, कसुम्पटी, छोटा शिमला, मजीठा हाउस में शुक्रवार को पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसी तरह संजौली जोन के क्रेगनेनो, नेरीधार, ढली, भट्ठाकुफर और चलौंठी क्षेत्र में पानी आएगा। सेंट्रल जोन के भी आधे इलाकों में ही शुक्रवार को पानी की सप्लाई दी जाएगी।
यहां की सप्लाई में लग सकता है कट
शहर के खलीनी, लोवर खलीनी, कनलोग, न्यू शिमला सेक्टर 1 से 4, बीसीएस, कंगनाधार, विकासनगर आदि इलाकों में पानी नहीं आएगा। नाभा, फागली, माल रोड, लोअर बाजार, लककड़ बाजार, राम बाजार आदि इलाकों में वीरवार को पानी दिया है। शुक्रवार को पानी की उपलब्धता होने पर ही सप्लाई दी जाएगी।