हिमाचल के कांगड़ा जिले के उपमंडल जवाली के तहत जवाली-राजा का तालाब मार्ग पर हरनोटा के समीप ट्रक की चपेट में आने से स्कूटर सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान शेखर (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी समलाना के रूप में हुई है। जवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शेखर और नाजर सिंह स्कूटर (एचपी72ए-0824) पर सवार होकर समलाना की ओर जा रहे थे कि जवाली से राजा का तालाब की तरफ आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे नाजर सिंह की टांग टूट गई जबकि शेखर ट्रक के साथ फंस गया और ट्रक इसको घसीटते हुए हरनोटा तक ले गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई।
ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया। उधर, घायल युवक का उपचार टांडा अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने टांडा में पहुंचकर घायल नाजर सिंह के बयान लिए। उसने बताया कि स्कूटर को शेखर चला रहा था जबकि वह उसके पीछे बैठा था। रा
त करीब आठ बजे जवाली से राजा का तालाब की तरफ जा रहे ट्रक ने उन्हें गलत दिशा में आकर टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गया और शेखर साथ में ही फंस गया। इसको ट्रक घसीटते हुए ले गया। उधर, एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने कहा कि पुलिस ने बयान दर्ज कर केस दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक ट्रक चालक का पता नहीं चल पाया है और सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जाएगी।