औट-आनी-सैंज हाईवे-305 को अपग्रेड हुए एक दशक होने वाला है। जलोड़ी दर्रा होकर गुजरने वाला हाईवे अभी भी वन वे ही है। कई जगह तो वाहनों को पास देने में चालकों को खूब पसीना बहाना पड़ रहा है। 97 किलोमीटर लंबे इस हाईवे पर इन दिनों अधिक वाहनों की आवाजाही से जाम लगने लगा है। वीकेंड पर तो समस्या और भी विकराल होने लगी है। पर्यटकों की भारी भीड़ से बंजार की तीर्थन व जिभी घाटी पूरी तरह से पैक है। ऐसे में यहां सैर सपाटे के लिए आने वाले सैलानी जलोड़ी दर्रा, सरयोलसर, सोझा व रघुपुरगढ़ की हसीन वादियों को निहारने के लिए पहुंच रहे हैं।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से पर्यटक अपने वाहनों को हाईवे के किनारे खड़े करने के लिए मजबूर है। हालांकि जाम की स्थित घियागी से लेकर जलोड़ी दर्रा तक दस किलोमीटर में है। लेकिन सबसे ज्यादा जाम बड़ानाला से लेकर जलोड़ी दर्रा तक लग रहा है। दो किलोमीटर का प्वाइंट इतना तंग व संकरा है कि यहां वाहनों को पास देना भी मुश्किल भरा है। समुुद्रतल से 10280 फीट ऊंचा जलोड़ी दर्रा उपमंडल बंजार से 20 और उपमंडल आनी से 30 किलोमीटर दूर है। ऐसे में यहां लगने वाले जाम को खोलना पुलिस के लिए आसान नहीं है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष संतोष ठाकुर, सत्यपाल ठाकुर तथा दलीप जोशी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हाईवे-305 और जलोड़ी टनल के नाम पर लोगों को गुमराह किया है।
जिले के पर्यटन स्थल जलोड़ी दर्रा, सरयोलसर व रघुपुरगढ़ आदि अनछुए स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगी है। लेकिन सरकार ने पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां कुछ भी नहीं किया है और पर्यटक अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा करने को विवश हैं। इसके अलावा हाईवे-305 अभी तक डबललेन नहीं हुआ है। इन दिनों पर्यटकों की भारी आवाजाही से जलोड़ी दर्रा से लेकर घियोगी तक दो से तीन घंटे का जाम लग रहा है। इसमें हाईवे-305 पर चलने वाली निगम व निजी बसें भी जाम में फंस रही है और आम लोगों को भी परेशान होना पड़ रहा है। यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्यटन सीजन में पुलिस की तैनाती की जानी चाहिए। डीएसपी बंजार बिन्नी मिन्हास ने कहा कि जाम की समस्या को दूर करने के लिए यहां पुलिस की तैनाती कर दी है। खासकर वीकेंड में दिक्कत आ रही है।