पंजाब, हरियाणा, उतर प्रदेश और महाराष्ट्र से शिमला भारी संख्या में शिमला पहुंचे हैं सैलानी
विज्ञापन
रिज और मालरोड के बाद कुफरी तक पहुंचे सैलानी संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी में वीकेंड पर बर्फबारी देखने के लिए बाहरी राज्यों से हजारों की संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। बाहरी राज्यों से शनिवार को दिनभर सैलानियों के आने का सिलसिला जारी रहा। इससे पूरा दिन जाम की स्थिति बनी रही।
ताजा बर्फबारी होने से राजधानी के पर्यटन कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली है। इससे होटल और पर्किंग पैक हो गए हैं। बीते हफ्ते जहां शहर के होटलों में 10 से 20 फीसदी कमरे बुक थे वहीं इस वीकेंड पर शनिवार को शहर के होटलों में 90 फीसदी कमरे बुक रहे। कुछ होटलों में 100 फीसदी कमरे बुक रहे। दिनभर स्थानीय लोगों सहित सैलानियों ने रिज मैदान और मालरोड सहित आसपास के इलाकों में जमकर बर्फ में अठखेलियां की। इस दौरान छोटे बच्चे बर्फ के बीच में मस्ती करते नजर आए। शिमला में बर्फ देखने के बाद सैलानियों ने कुफरी का रुख भी किया।
विज्ञापन
लोअर बाजारों में भी सैलानियों की खूब भीड़ उमड़ी। इससे पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। मालरोड और लक्कड़ बाजार के ज्यादातर दुकानदारों का कारोबार पर्यटन पर निर्भर रहता है। जनवरी में सीजन की पहली बर्फबारी से इनके कार्य में तेजी आई है। यहां रेस्तरां और होटलों में देर शाम ते सैलानियों की भीड़ जुट रही है।
पहली बर्फबारी से कारोबार ने पकड़ी रफ्तार
सीजन की पहली बर्फबारी व्यापारियों के लिए बरकत लेकर आई है। बर्फबारी होते ही पर्यटक बड़ी संख्या में पहाड़ी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं जिससे होटल, रेस्तरां, टैक्सी और स्थानीय दुकानों के कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। इससे आने वाले दिनों में पर्यटन सीजन और बेहतर होने की उम्मीद है। बर्फबारी से न केवल टूरिस्टों की संख्या बढ़ेगी बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। लंबे समय बाद मौसम के इस बदलाव से पर्यटन से जुड़े सभी व्यापारियों में उत्साह है और आने वाला सीजन अच्छा रहने की पूरी संभावना है। -तरुण राणा, कारोबारी, लोअर बाजार