बम धमाके की धमकी के बाद जिला प्रशासन अलर्ट पर, रिज पर समारोह के दौरान रहेगी कड़ी सुरक्षा
विज्ञापन
मंच के आसपास जाने वाले हर अफसर-नेता का बनेगा पास अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के साथ मंच पर बैठने वाले नेताओं और अफसरों की सूची तैयार की जा रही है। इन सभी को पास जारी होंगे। पास होने पर ही मंच के आसपास एंट्री दी जाएगी।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान धमाके की धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का फैसला लिया है। इस बारे में जिला पुलिस के साथ मिलकर भी सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की योजना तैयार की है। रविवार को इन तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाना है। इस दौरान राज्यपाल सुबह 11:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे इसके बाद परेड का निरीक्षण किया जाएगा।
विज्ञापन
राज्यपाल के अलावा मुख्यमंत्री भी इसमें शिरकत करेंगे। समारोह के दौरान हमले को लेकर 12 जनवरी को उपायुक्त शिमला की ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिला था। इसके बाद से जिला प्रशासन और जांच एजेंसियां अलर्ट हैं। समारोह के दौरान रिज मैदान पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा ने कहा कि सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
रिज से हटवाई गई बर्फ रिज मैदान पर परेड की रिहर्सल शनिवार को भी जारी रही। इसके लिए रिज मैदान से दोपहर तक बर्फ हटाने का काम भी जारी रहा। जिला प्रशासन ने रविवार शाम तक परेड स्थल से बर्फ हटाने के निर्देश दिए हैं।
तैयार की जा रही झांकियां गणतंत्र दिवस समारोह के लिए एमएलए क्रॉसिंग और टुटीकंडी पार्किंग के पास झांकियां तैयार की जा रही हैं। सभी सरकारी महकमे इन झांकियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। हालांकि अब मौसम खराब होने से झांकियां तैयार करने के काम में बाधा भी आई है। रविवार शाम तक इन्हें भी अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।