परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी अधिसूचना में प्राचार्यों से कहा गया है कि वे विद्यार्थियों के ई-एग्जामिनेशन के भरे गए परीक्षा फॉर्म की हार्ड कॉपी जरूर लें। इसे विवि को भिजवाने की व्यवस्था करें।
हार्ड कॉपी का प्राचार्य को सत्यापन करना होगा। यह भी सुनिश्चित करें कि परीक्षा फॉर्म भरने वाला विद्यार्थी तय पात्रता शर्तें पूरी करता हो। www.exams.hpushimla.in पोर्टल के माध्यम से ही यूजी डिग्री वार्षिक परीक्षा के फॉर्म भरे जाएंगे।
विवि परीक्षा विंग और कंप्यूटर सेंटर के इंचार्ज मुकेश शर्मा ने बताया कि ई परीक्षा फॉर्म भरने को एग्जाम पोर्टल जल्द शुरू हो जाएगा। फॉर्म अपलोड कर दिए गए हैं, मगर सर्वर की तकनीकी दिक्कत होने से पहले दिन पोर्टल नहीं चल पाया, जो जल्द चालू हो जाएगा।
यूजी डिग्री की सेमेस्टर परीक्षा को ईयर सिस्टम में करवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ऑनलाइन भरे जाने वाले ई-एग्जाम फॉर्म में अंतर होगा। छात्र को पहले की तरह से अपना लॉगइन आईडी बनाकर इसी के माध्यम से ऑनलाइन फार्म और फीस जमा करवानी होगी।
पूर्व में सेमेस्टर में छात्र एक सेमेस्टर में चार विषय भरता था, अब आठ विषय भरने होंगे। उसके परीक्षा फार्म पर सेमेस्टर की जगह वार्षिक परीक्षा लिखा होगा। विषयों में कोई विशेष अंतर नहीं रहेगा।
परीक्षा विषय संबंधित विभागों के सहयोग से ही तय किए गए है। छात्र को चार की जगह आठ परीक्षाओं की फीस जमा करवानी होगी। शेष सेमेस्टर और ईयर सिस्टम का परीक्षा फॉर्म लगभग वही रहेगा।