अतिक्रमण हटाने और तहबाजारियों से जुड़े मामले पर दाखिल की जाएगी स्टेटस रिपोर्ट, कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों पर कसेगा शिकंजा
विज्ञापन
अभी अस्थायी कार्ड धारकों को है सामान बेचने की अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में अतिक्रमण की कार्रवाई बाधित करने के मामलों को लेकर नगर निगम अब हाईकोर्ट जाएगा। नगर निगम ने इस पूरे मामले में अपनी स्टेटस रिपोर्ट सौंपने की तैयारी कर ली है। निगम का कहना है कि तहबाजारियों संबंधी मामले पर क्या प्रक्रिया चल रही है और किन लोगों को कार्ड दिए जाने हैं आदि का ब्योरा भी कल (छह दिसंबर को) को हाईकोर्ट को सौंपा जाएगा।
शहर के लोअर बाजार, मालरोड और लक्कड़ बाजार में अवैध रूप से बैठे तहबाजारियों को नगर निगम हटा रहा है। यहां पर नगर निगम केवल उन तहबाजारियों को बैठने दे रहा है, जिनके पास पुराने कार्ड हैं। हेरिटेज जगहों में तहबाजारियों को बैठने की अनुमति नहीं है लेकिन कुछ लोग इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। निगम जब अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है तो कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। जब्त किया सामान गाड़ियों से निकालकर ले जा रहे हैं। अब इससे तंग आकर नगर निगम ने यह मामला भी हाईकोर्ट में उठाने का फैसला लिया है।
विज्ञापन
नगर निगम का तर्क है कि अवैध रूप से अतिक्रमण कर बैठे यह तहबाजारी पूरी सड़क घेर लेते हैं। इस कारण यहां से आवाजाही करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कुछ तहबाजारियों के खिलाफ लोगों ने बदतमीजी करने की शिकायतें भी कर रखी हैं। यही कारण है कि केवल उन्हीं तहबाजारियों को बैठाया जा रहा है जिनके पास अस्थायी रूप से कार्ड बने हैं। वहीं जिन लोगों के पास कार्ड नहीं हैं या फिर किसी और जगह बैठे हैं, उन्हें यहां से हटाया जा रहा है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि कोर्ट में मामला चल रहा है। ऐसे में इस पूरे मामले को लेकर शनिवार को रिपोर्ट कोर्ट में सौंपी जाएगी।
900 ने किए आवेदन, 143 का सत्यापन जारी
शहर के विभिन्न हिस्सों में सामान बेचने के लिए करीब 900 तहबाजारियों ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। निगम का कहना है कि 143 तहबाजारियों के दस्तावेज आए हैं जिनका सत्यापन किया जा रहा है। लोगों ने मंडी, बिलासपुर, सुजानपुर, उत्तराखंड और यूपी के पते दे रखे हैं। लिहाजा पुलिस की वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन्हें कार्ड जारी होंगे। कार्ड में दी जाने वाली जगह पर ही वह सामान सजा बैठेंगे। वहीं दूसरी ओर 757 तहबाजारियों के दस्तावेज पूरे नहीं हैं। नगर निगम का कहना है कि इन लोगों को अपने दस्तावेज पूरे करने के लिए बुलाया जा रहा है लेकिन यह नहीं आ रहे।
12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
लक्कड़ बाजार में नगर निगम की गाड़ियां रोकने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। नगर निगम की ओर से सौंपी शिकायत पर पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले मालरोड पर हुए हंगामे को लेकर भी एमसी शिकायत दर्ज करवा चुका है जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है।