तीसरे दिन भी सुलगती रही कूड़े के पहाड़ में आग संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। भरयाल के लिए अब शहर से पानी के टैंकर नहीं मंगवाए जाएंगे। नगर निगम आपातकालीन जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए भरयाल में पानी का स्टोरेज टैंक बनाने जा रहा है। टैंक में 2 लाख लीटर पानी हर वक्त स्टोर रहेगा। निगम का दावा है कि भरयाल में आग लगने की घटना होगी तो तुरंत पानी का इस्तेमाल आग बुझाने में इस्तेमाल होगा।
निगम के अनुसार पिछले तीन दिन से भी अधिक समय से भरयाल में कूड़े के पहाड़ में आग लगी है। यह अंदर ही अंदर फैल रही है। इस कारण इससे लगातार धुंआ उठ रहा है। ऐसे में इस तरह की घटना अगर भविष्य में होती है तो तुरंत स्टोरेज टैंक से पानी की सप्लाई करके इसे बुझाया जा सकता है। वहीं आग लगने की स्थिति में शहर से पानी के टैंकर बुलाने के दौरान समय की बर्बादी होती है, वह भी नहीं होगी। इसके अलावा यहां पर बायो मैथीनेशन प्लांट भी बनाया जा रहा है। प्लांट के सुचारू संचालन के लिए नियमित जल आपूर्ति की जो आवश्यकता रहती है, यह स्टोरेज टैंक उसे भी पूरा करेगा। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री ने कहा कि भरयाल में दो लाख लीटर की स्टोरेज क्षमता वाला टैंक बनाया जाएगा। इस टैंक के पानी का इस्तेमाल आपात स्थिति में किया जाएगा।