तलाई में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते आयोजक। स्
तलाई में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत महिलाओं को किया जागरूक
भाषण और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी कराई,मेहंदी प्रतियोगिता में पूजा अव्वल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/शाहतलाई। नवजात शिशु के जन्म के बाद शुरुआती 28 दिन उसके जीवन के लिहाज से सबसे संवेदनशील होते हैं। इस दौरान उचित देखभाल, समय पर स्वास्थ्य जांच और नियमित फॉलोअप से शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग झंडूता की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तलाई में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण ब्यूरो की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कनिका ने की।
डॉ. कनिका ने बताया कि राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह हर वर्ष 15 से 21 नवंबर तक मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम नन्हे शिशु, उज्ज्वल संभावनाएं, उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए नियमित फॉलोअप देखभाल में निवेश करें'' रखी गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव के बाद से लेकर शिशु के 28 दिन पूरे होने तक विशेष देखभाल जरूरी है। विशेष रूप से एसएनसीयू और एनआईसीयू से छुट्टी मिलने वाले बच्चों की घर पर नियमित निगरानी और समय पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने कहा कि नवजात की बेहतर देखभाल के लिए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जा रहा है। जन्म के एक घंटे के भीतर बच्चे को मां का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) जरूर पिलाना चाहिए। यह शिशु के लिए प्राकृतिक टीके की तरह काम करता है और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। जन्म के बाद शुरुआती छह महीने तक बच्चे को केवल मां का दूध देना चाहिए। इस अवधि में पानी, शहद या घुट्टी देने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया कि नवजात को ठंड से बचाना भी जरूरी है। कम वजन वाले बच्चों के लिए कंगारू मदर केयर यानी मां की त्वचा से त्वचा का संपर्क विशेष लाभदायक होता है। बच्चे को छूने से पहले हाथ साफ करने, नाभि को सूखा और स्वच्छ रखने तथा उस पर तेल या किसी तरह का घरेलू लेप नहीं लगाने की सलाह दी। साथ ही जन्म के समय लगने वाले बीसीजी, ओपीवी और हेपेटाइटिस-बी सहित सभी जरूरी टीके निर्धारित समय पर लगवाने को कहा। दीप कुमार ने बताया कि देश में नवजात मृत्यु दर में पिछले वर्षों के मुकाबले सुधार हुआ है। उन्होंने समय से पहले जन्म और प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं को नवजात मृत्यु के प्रमुख कारणों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि शिशु की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के साथ लोगों की जागरूकता और सहभागिता भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए भाषण और मेहंदी प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। भाषण प्रतियोगिता में कविता ने पहला, वंदना ने दूसरा और अंजना ने तीसरा स्थान हासिल किया। मेहंदी प्रतियोगिता में पूजा पहले, सपना दूसरे और शीतल तीसरे स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।