हिमाचल प्रदेश के कसौली के साथ लगते मनौण जंगल में लगी आग पर 26 घंटे बाद सेना के हेलिकाप्टर से काबू पा लिया गया है। सोमवार सुबह नौ बजे आग को बुझा दिया गया। अग्निशमन विभाग के साथ कसौली वायुसेना, डगशाई और सुबाथू छावनी से सेना के जवान रात भर आग बुझाने में लगे रहे। आग काफी एरिया में लगी थी। एक तरफ से बुझती थी तो दूसरी तरफ से लग जा रही थी। हवा से आग काफी तेजी फैली। हालांकि, सोमवार सुबह जब आग की लपटें काफी तेजी से फैलने लगीं तो वायु सेना ने हेलिकाप्टर से पानी की बौछारें कीं। इसके बाद आग बुझ गई। सीआरआई, सीडीएल और टीवी टॉवर के आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित बचा लिया गया। दो फायर कर्मियों समेत एक स्थानीय व्यक्ति झुलस गया था, जिनका इलाज मैक्स अस्पताल चंडीगढ़ में चल रहा है।
सैन्य क्षेत्र की ओर बढ़ रही आग पर काबू पाने के लिए रविवार देर शाम तक वायु सेना का हेलिकाप्टर लगा रहा। रात को डगशाई और सुबाथू से सेना के जवान बुलाने पड़े। कैंट फायर टेंडर, अग्निशमन विभाग सोलन, परवाणू और बनलगी से कर्मी और फायर टेंडर रात भर मौके पर तैनात रहे। रात को आग लोअर माल रोड, वीआईपी बंगले तक पहुंची। इसे कर्मियों की सहायता से बुझाया गया। रात को हेलिकाप्टर से आग बुझाना बंद कर दिया था। इसके बाद आग काफी तेजी से फैली। सुबह होते ही दोबारा हेलिकाप्टर से पानी की बौछारें की गईं। हेलिकाप्टर में चंडी मंदिर स्थित कौशल्या डैम से पानी लाया जा रहा था। उधर, कमांडेंट होमगार्ड डॉ शिव कुमार ने बताया कि कसौली के जंगल में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। रात भर सेना के जवानों, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किए। सुबह वायु सेना हेलिकाप्टर की मदद से नौ बजे जंगल की आग को बुझा दिया गया।
अभी भी इन क्षेत्रों के जंगलों में लगी है आग
- बिलासपुर जिले में बंदलाधार और बहादुरपुर धार के जंगल दो दिन से दहक रहे हैं। लाखों की वनसंपदा के अलावा एक स्कूटी और दो परिवारों का इकट्ठा किया हुआ घास भी राख हो गया है।
- मंडी के लडभड़ोल के रोपड़ी कलेहडृ और खजूर में लगी है आग।
- चौपाल की पौडि़या पंचायत के रानवी गांव के जंगल में लगी आग में सेब के सैकड़ों पेड़ झुलस गए।
- बिझड़ी के रैली जजरी बीट, कांगू के जंगलों में वन संपदा राख।
- चंबा के खज्जियार में कोहलड़ी और सिंगी पंचायत के जंगलों में आग। भलोली की दो खिड़कियां भी जल गईं।