The film unit take permission afftr shooting
दूसरे दिन एमसी के पास किया आवेदन
नगर निगम ने तीस हजार रुपये वसूल की फीस
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में नगर निगम अफसरों के सरकारी आवासों पर बिना मंजूरी शूटिंग करवाने का मामला सामने आने के बाद शनिवार को आनन फानन में इसकी अनुमति ले ली गई। राजधानी में यह पहला मौका है जब नगर निगम के किसी आवास पर शूटिंग की अनुमति दी है।
नियमानुसार शूटिंग से पहले अनुमति लेने के लिए आवेदन करना पड़ता है। लेकिन इस बार शूटिंग के बाद मंजूरी ली गई। शुक्रवार को नगर निगम अधिकारियों के सरकारी आवासों पर कुछ सीन फिल्माए गए थे। इन आवासों में अस्पताल का सेट लगाया गया था। मामला सामने आने के बाद नगर निगम की संपदा शाखा में शनिवार को इसके लिए आवेदन किया गया। इसमें शुक्रवार और शनिवार दो दिन के लिए शूटिंग की अनुमति ली गई है। संपदा शाखा अधीक्षक अमरचंद ने कहा कि इस शूटिंग के एवज में संबंधित कंपनी से 30 हजार रुपये शुल्क लिया है।
नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली ने भी शनिवार को इस मामले पर अधिकारियों से जानकारी ली। निगम प्रशासन का कहना है कि सरकारी आवास के अंदर ज्यादा शूटिंग नहीं हुई है। आवास के बाहर गाने के यह सीन फिल्माए हैं। इसके एवज में निगम को आय भी हुई है। नियमों के अनुसार मंजूरी लेकर शूटिंग करवाई जा सकती है। इसमें कुछ गलत नहीं है। निगम अपनी बाकी संपत्तियों पर भी शूटिंग की अनुमति पहले देता रहा है।