लाहौल के सिस्सू में हुई जनसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत की साख और धाक स्थापित की है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के अलावा शौर्य की भूमि भी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सोमनाथ शर्मा, विक्रम बत्रा आदि परमवीर चक्र से लेकर सेना के अन्य उच्च सम्मान प्राप्त शहीदों को याद किया। राजनाथ सिंह बोले कि हिमाचल से ही पार्टी का अध्यक्ष भी दिया है।
अब अटल टनल के बनने के बाद यह इलाका हिमाचल की विकास यात्रा में भी भागीदार बन सकेगा। अब राशन की स्टॉकिंग नहीं करनी होगी। सुरंग बनने से मनाली से ही नहीं पूरे भारत में व्यापार कर पाएंगे। सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। पड़ोस के देश चीन की सीमा पर हमारे जवान हैं। लाहौल के लोग भी सीमा के प्रहरी हैं। सीमा पर रहने वाले यहां के लोग देश के लिए सामरिक संपत्ति हैं।
सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामलों के राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत करते हुए कहा कि अटल टनल इस ऊंचाई पर स्थित विश्व की सबसे लंबी उच्च मार्ग सुरंग है।
सुरंग के प्रत्येक 150 मीटर की दूरी पर आपातकालीन संपर्क के लिए दूरभाष की सुविधा, प्रत्येक 60 मीटर में अग्निशमन यंत्र, हर 250 मीटर पर सीसीटीवी कैमरों के साथ दुर्घटना की पूर्व सूचना प्रणाली, हर एक किलोमीटर पर हवा की गुणवत्ता की निगरानी, प्रत्येक 25 मीटर पर प्रकाश एवं निकासी संकेत और प्रत्येक 60 मीटर की दूरी पर कैमरे और पूरी सुरंग में प्रसार प्रणाली की सुविधा उपलब्ध है।