शहर में सुलभ शौचालय न होने से भी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी जुन्गा (शिमला)। आजादी के 78 वर्ष बीत जाने के बाद भी जुन्गा शहर विकास की दृष्टि से पिछड़ा हुआ है। पुराना जुन्गा के लिए बाईपास रोड न होने से बाजार की संकरी सड़क से ही बसें और अन्य वाहन चलते हैं जिससे आए दिन यहां जाम लगता है। लोगों का कहना है कि पुराना जुन्गा के लिए बाईपास बनाने की आज तक कोई पहल नहीं की गई।
पहले जुन्गा क्योंथल रियासत का मुख्यालय हुआ करता था जिसके अधीन 18 ठकुराईयां आती थीं। इस दौरान जुन्गा में रौनक लगी रहती थी लेकिन वर्तमान में बाजार की गलियां सुनीं हैं। सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बीते तीन वर्षों से पुराना जुन्गा में फ्लांइग फेस्टिवल का आयोजन शुरू किया है। इसके बावजूद जुन्गा में पर्यटन को कोई बढ़ावा नहीं मिल पाया है। शहर में फोरेंसिक साइंस लैब और पुलिस बटालियन भी है। वर्ष 2020 में भाजपा सरकार के पूर्व सीएम एवं पूर्व शहरी विकास मंत्री ने जुन्गा को नगर पंचायत का दर्जा देने का आश्वासन दिया था लेकिन यह वादा पूरा नहीं हो सका।
जुन्गा बाजार में सफाई की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं है। स्कूल मैदान के पास बने शौचालय में गंदगी फैली रहती है। यही नहीं शहर में सुलभ शौचालय न होने के कारण लोगों विशेषकर महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। रोजाना सैकड़ों लोग जुन्गा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से तहसील और अन्य कार्यों के लिए यहां आते हैं। जुन्गा शहर से 14 बसों का आवागमन होता है लेकिन बस अड्डे की सुविधा न होने से बसों को सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। 12 पंचायतों के तहसील कार्यालय में दूरभाष तक की सुविधा नहीं है। शहर में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालकों को काफी समस्या पेश आती है। सहायक अभियंता लोनिवि जुन्गा ने बताया कि पुराना जुन्गा के लिए बाईपास रोड बनाने के लिए विभाग के पास कोई प्रस्ताव नहीं आया है।