गुरदासपुर में आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर आदि पड़ोसी राज्यों से लगती हिमाचल की सीमाओं को सील कर दिया गया है। पंजाब के साथ लगते ऊना जिले के मैहतपुर बैरियर, गगरेट, मरवाड़ी और पंडोगा बैरियर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
प्रदेश की शक्तिपीठों, बड़े मंदिरों, बाजारों, बिजली परियोजनाओं और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खास सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। जिलों के पुलिस अधीक्षकों को क्विक रिएक्शन टीमें एक्टिव करने को कहा गया है। राज्य पुलिस या सेना की वर्दी में पाए जाने वाले संदिग्ध लोगों से भी कड़ी पूछताछ करने को कहा गया है। डीजीपी संजय कुमार ने पूरे राज्य में अलर्ट की पुष्टि की है।