हिमाचल प्रदेश के काजा और केलांग में टेली मेडिसिन की सुविधा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस मामले को अब कैबिनेट में लाने की तैयारी है। बीएसएनएल की ओर से सरकार को भरोसा दिलाया गया है कि दोनों इलाकों में बेहतर केबल लाइन की सुविधा दी जाएगी।
सरकार के आदेश पर अपोलो की टीम ने रिकांगपिओ, काजा, किलाड़ और केलांग का दौरा किया है। संभावनाएं तलाशी जा चुकी हैं। केलांग और काजा में टेली मेडिसिन के जरिये मरीजों का इलाज संभव है। टीम की रिपोर्ट को प्रदेश सरकार ने मान लिया है। अब इसका प्रस्ताव कैबिनेट में ले जाने की तैयारी है जिससे कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे शुरू किया जा सके।
कैसे होगा इलाज
केलांग, काजा में एक ऐसा सेंटर बनाया जाएगा जहां एमबीबीएस डॉक्टर बैठेगा। यहां आने वाले मरीजों की डाक्टर जांच करेंगे। उसके बाद मरीज के अनुसार डॉक्टर विशेषज्ञ डॉक्टरों से समय लेकर मरीज का टेली कांफ्रेंसिंग के जरिये सीधा संवाद स्थापित कराएगा। जांच रिपोर्ट से लेकर मरीजों से बातचीत की जाएगी। ऐसे में मरीजों को सैकड़ों किलोमीटर की बेवजह यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
सूबे में दो स्थानों पर टेली मेडिसिन शुरू किया जाएगा। इस प्रस्ताव को कैबिनेट में ले जाया जाएगा।
-विनीत चौधरी, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य