कबड्डी में हरिओम मशोबरा और फुटबाल में समरहिल एफसी टीम रही विजेता
समरहिल में एबीवीपी इकाई के नगर खेलो कुंभ का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। समरहिल खेल मैदान में नगर खेल कुंभ की क्रिकेट प्रतियोगिता रजत इलेवन ने जीती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) शिमला महानगर इकाई की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ।
इस दौरान फुटबाल, कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई। फुटबाल में आठ, कबड्डी में छह और वॉलीबाल में चार टीमों ने भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में हरिओम मशोबरा टीम विजेता और शिमला सेवन टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल में सूर्यवंशी बॉयज विजेता और आईटीआई समरहिल उपविजेता रही। फुटबाल में समरहिल एफसी विजेता और शोघी एफसी टीम उपविजेता टीम बनी। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि एबीवीपी हिमाचल प्रदेश के प्रांत अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने शिरकत की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में खेलो भारत की राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानी चौहान मौजूद रहीं। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलें न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाती हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी विकसित करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।