हिमाचल प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही सरकार तबादलों पर लगी रोक हटाने जा रही है। स्कूलों में 1 से 30 अप्रैल और कॉलेजों में 1 से 15 मई तक शिक्षकों के तबादले होंगे। रोक हटाने से पहले शिक्षा विभाग ने जनजातीय क्षेत्रों में सेवाकाल पूरा कर चुके इच्छुक शिक्षकों से रिक्तियों वाले पांच स्कूलों के 15 मार्च तक विकल्प देने को कहा है। उच्च और प्रारंभिक निदेशकों के पास तबादले करवाने के लिए इन्हें आवेदन करना होगा। शिक्षा निदेशकों को 20 मार्च तक सरकार को स्थानांतरण प्रस्ताव भेजने होंगे। मुख्यमंत्री से मंजूरी के बाद तबादला आदेश जारी होंगे। शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण पर विचार नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को शिक्षा सचिव की ओर से कार्यालय आदेश जारी किया गया।