राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शिमला शामलाघाट में पांच दिवसीय कार्यशाला में स्वयं सिद्धम, ब्लूम टैक्सोनोमी, पाठ योजना जैसी नई तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
14 से 18 जुलाई तक कार्यशाला में जिले भर के 20 खंडों से 60 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। खंड स्तर पर चार से आठ अगस्त तक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्कूलों में आरएमएसए को प्रभावी ढंग से चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला के समापन पर डाइट के प्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश घरेड़ा ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे स्कूलों में आरएमएसए को प्रभावी ढंग से लागू करें।
कार्यशाला में डॉ. अरुण देव भारद्वाज, हेत राम ठाकुर, सुरेंद्र, नीरज महाजन ने प्रशिक्षण दिया। राज्य प्रशिक्षण प्रभारी अर्णिमा शर्मा ने बताया कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक अपने शिक्षा खंडों में स्रोत व्यक्ति के रूप में कार्य करेंगे।